Saturday , 20 April 2024

उप्र में पिछले 24 घंटे में मिले कोरोना के 5,809 नए मामले, रिकवरी दर बढ़कर हुई 79.96 प्रतिशत

न्यूज़ टैंक्स | लखनऊ

लखनऊ : प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या अब 65,974 हो गई है। बीते चौबीस घंटे में संक्रमण के 5,809 नए मामले सामने आए। इसी दौरान 6,584 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए गए। अब तक कुल 2,83,274 लोग इलाज के बाद पूरी तरह ठीक होने के बाद घर भेजे जा चुके हैं। राज्य में संक्रमण के बाद कुल मौतों की संख्या 5,047 पहुंच गई है। इनमें बीते चौबीस घंटे में 94 लोगों की मौत हुई है। राज्य में मरीजों के ठीक होने की दर वर्तमान में बढ़कर 79.96 प्रतिशत हो गई है।

अब तक कुल 85.40 लाख कोरोना नमूनों की हुई जांच

अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने रविवार को बताया कि राज्य की विभिन्न प्रयोगशालाओं में शनिवार को कुल 1,40,754 कोरोना नमूनों की जांच की गई। अब तक कुल 85,40,604 कोरोना नमूनों की जांच की जा चुकी है।

3,434 पूल के जरिए 18,030 नमूनों की हुई जांच

उन्होंने बताया कि शनिवार को 3,434 पूल के जरिए 18,030 नमूनों की जांच की गई। इनमें 3,262 पूल के जरिए प्रति पूल पांच-पांच नमूनों की जांच की गई, जिसमें 475 पूल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं 172 पूल के जरिए प्रति पूल दस-दस नमूनों की जांच की गई, जिसमें 19 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

34,119 मरीजों का होम आइसोलेशन में चल रहा इलाज

उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में कुल सक्रिय मरीजों में से 34,119 लोग होम आइसोलेशन यानि घर पर रहकर इलाज की सुविधा का लाभ ले रहे हैं। जो कुल मरीजों का 51.73 प्रतिशत है। वहीं 3,786 लोग निजी अस्पतालों और 231 लोग होटल में एल-1 प्लस की सेमिपेड फैसिलिटी सुविधा के तहत अपना इलाज करा रहे हैं। इनके अलावा शेष राज्य सरकार की एल-1, एल-2 व एल-3 की व्यवस्था के तहत सरकारी अस्पतालों में भर्ती हैं।

राज्य में अभी तक कुल 1,82,242 लोग होम आइसोलेशन की सुविधा का लाभ ले चुके हैं, जिसमें से 1,48,123 लोगों के इलाज का समय पूरा होने पर उन्हें डिस्जार्च घोषित किया जा चुका है।

प्रदेश में अब तक 64,507 कोविड हेल्प डेस्क स्थापित

प्रदेश में कुल 64,507 ‘कोविड हेल्प डेस्क’ की स्थापना की जा चुकी है। इनके जरिए 7,65,862 से अधिक लक्षणात्मक लोगों की पहचान की गई। इनमें ऑक्सीमीटर और थर्मामीटर उपलब्ध हैं। इन सभी इकाइयों में सैनिटाइजर की पर्याप्त उपलब्धता की गई है।