Friday , 29 March 2024

बलात्कार और हत्या की घटनाओं को रोकने में योगी सरकार फेल, सीएम योगी दें इस्तीफ़ा  : अजय कुमार लल्लू 

एनटी न्यूज डेस्क/ लखनऊ 

उत्तर प्रदेश में बढ़ते  अपराध को लेकर कांग्रेस विधायक अजय कुमार लल्लू ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राजधानी से सटे इलाके में 23 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या और 6 साल की मासूम से दुष्कर्म की घटना प्रदेश सरकार की विफलता को साबित करती है।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि प्रदेश में माँ-बहन-बेटी-बहू के दुष्कर्म, बलात्कार और हत्या की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। प्रदेश सरकार इसको रोकने में नाकाम साबित हो रही है। जबसे प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है तभी से महिलाओं पर होने वाले अत्याचार में भारी बढ़ोत्तरी हुई है। सुशासन और महिलाओं को सुरक्षा देने के नाम पर आयी योगी सरकार के काम-काज के कारण गुंडों का मनोबल बढ़ रहा है।
 उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अपने आपको असहाय महसूस कर रही है। प्रदेश से कहीं भी अखबार की खबरें उठा कर पढ़ेंगे तो कोई ना कोई इस तरह कि घटना प्रकाश में नजर आ ही जाती है। विशेषकर महिलाओं पर होने वाले अत्याचार, बलात्कार, दुष्कर्म, छेड़छाड़ और हत्या की घटनाओं के कारण जीना दूभर हो गया है।

असुरक्षित महसूस कर रही हैं प्रदेश की बेटियां 

विधायक अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रदेश की बहू-बेटियाँ अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। राजधानी और इससे सटे इलाकों में हालात इस तरह हैं तो ज़रा सोचिये प्रदेश के अन्य जिलों में स्थिति कितनी खतरनाक होगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की कथनी और करनी में अंतर है। महिलाओं को सुरक्षा न देने वाली सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर मुख्यमंत्री में थोड़ी भी नैतिकता बची है तो अपने गृह जनपद और प्रदेश की राजधानी में हुई इस तरह कि घटनाओं को रोकने में हुई चूक के लिए इस्तीफा दे दें।
उन्होंने सरकार से मांग की कि इस तरह की आपराधिक घटनाओं का एक महीने के अंदर कोर्ट में विचारण कर आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए। जिससे महिलाओं पर अत्याचार करने वालों में डर का माहौल बने।  इस तरह की घटनाओं को लेकर कांग्रेस सदन में प्रश्न खड़ा कर सरकार को घेरेगी और भयानक चेहरे को जनता के सामने बेनकाब करेंगी।